हरियाणा के बस स्टैंड पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं, परिवहन मंत्री अनिल विज ने दी जानकारी

हरियाणा के लाखों यात्रियों के लिए खुशखबरी है! अब राज्य के बस स्टैंड पर एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं देखने को मिलेंगी। इस बात की जानकारी हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने दी है।
यात्रियों के लिए ट्रैकिंग ऐप और डिजिटल सुविधाएं
परिवहन मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया जा रहा है। इस ऐप में क्रॉस बार फीचर होगा, जिससे यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन और सही स्थिति की जानकारी मिलेगी। ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर भी तैयार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों और विभागीय अधिकारियों को बसों की वास्तविक स्थिति और मूवमेंट की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
अब यात्रियों को यह जानने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा कि बस कितनी देर में आएगी, कहां तक पहुंची है या कब निकलेगी। यह सारी जानकारी आपके मोबाइल पर उपलब्ध होगी।
डिजिटल बस स्टैंड: डिस्प्ले बोर्ड से मिलेगी हर जानकारी
हरियाणा के बस स्टैंड अब डिजिटल होने जा रहे हैं। राज्य के बस स्टैंडों पर बड़े डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बसों के आने-जाने की सटीक जानकारी मिलेगी।
अभी तक यात्रियों को बसों की सही जानकारी पाने के लिए अलग-अलग बूथों पर पूछताछ करनी पड़ती थी, जिससे कर्मचारी भी व्यस्त रहते थे और कई बार यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिल पाती थी। लेकिन अब, एयरपोर्ट की तरह बस स्टैंड पर बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी, जहां हर बस की रियल-टाइम लोकेशन और टाइमिंग डिस्प्ले होगी। इससे यात्रियों को किसी से पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी यात्रा आसान होगी।
अनिल विज ने की कबूतरबाजों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने अवैध रूप से विदेश भेजने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने कबूतरबाजी के मामलों की जांच के लिए दो एसआईटी गठित की थीं।
पहली एसआईटी ने 600 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
दूसरी एसआईटी ने 550 लोगों को पकड़ा था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कानूनी तरीके से विदेश जाएं और किसी धोखेबाज के झांसे में न आएं।