हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, 1KW कनेक्शन पर फ्री सोलर सुविधा, ऊर्जा मंत्री अनिल विज
हरियाणा में सौर ऊर्जा को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, किसानों और उपभोक्ताओं के लिए नई योजनाओं की तैयारी
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। सरकारी सब्सिडी के बाद बची राशि आसान किस्तों में जमा कराई जा सकेगी, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
हरियाणा में सौर ऊर्जा को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, किसानों और उपभोक्ताओं के लिए नई योजनाओं की तैयारी
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा के विस्तार को लेकर बड़े स्तर पर काम कर रही है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए कई नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिससे बिजली खर्च में कमी आएगी और लोगों की आय बढ़ेगी।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सरकार 1 किलोवाट लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं तक भी सोलर सिस्टम पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है। इस व्यवस्था के तहत लाभार्थियों को बैंक ऋण या बैंक गारंटी की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग की ओर से प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा और पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इससे हजारों परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। सरकारी सब्सिडी के बाद बची राशि आसान किस्तों में जमा कराई जा सकेगी, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
किसानों के लिए भी सरकार नई पहल पर विचार कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार जिन किसानों की भूमि खाली पड़ी है, वे अपनी जमीन पर सोलर प्लांट स्थापित कर सकेंगे। ऐसे प्लांटों से उत्पादित बिजली सरकार निर्धारित दरों पर खरीदेगी। इससे किसानों को खेती के अलावा एक अतिरिक्त और स्थायी आय का स्रोत मिलेगा।
अनिल विज ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बेहतर क्रियान्वयन के कारण हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है। राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई है और हरियाणा को इस क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चालू वर्ष में 2.20 लाख सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और हरियाणा को स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
ऊर्जा मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत किसानों में सोलर पंपों को लेकर उत्साह बढ़ा है। लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा कर पात्र किसानों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का फोकस अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देकर भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना है।
