{"vars":{"id": "112470:4768"}}

15 जून तक खुला रहेगा मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल, किसान जल्द करें आवेदन

खरीफ फसलों का पंजीकरण 15 जून तक कराएं, डीएसआर अपनाने वाले किसानों को मिलेंगे ₹4500 प्रति एकड़
 

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिले के किसानों से खरीफ सीजन 2026 की फसलों का पंजीकरण समय रहते कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी किसान "मेरी फसल-मेरा ब्यौरा" पोर्टल पर 15 जून तक अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ मिल सके।

उपायुक्त ने बताया कि फसल पंजीकरण किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पोर्टल पर पंजीकरण होने के बाद किसान सरकारी अनुदान, फसल सहायता, बीमा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। सरकार किसानों को डिजिटल माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है और फसल पंजीकरण इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि धान की सीधी बुआई (डीएसआर) योजना को बढ़ावा देने के लिए रोहतक जिले को 10 हजार एकड़ का लक्ष्य दिया गया है। इस योजना के तहत धान की सीधी बुआई करने वाले किसानों को हरियाणा सरकार की ओर से 4500 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को फसल पंजीकरण के दौरान डीएसआर विकल्प का चयन करना अनिवार्य होगा।

उपायुक्त ने कहा कि डीएसआर तकनीक से पानी की बचत होती है, खेती की लागत कम होती है और किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार इस तकनीक को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि खरीफ सीजन 2026 के दौरान राज्य सरकार किसानों की सुविधा के लिए 600 डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) मशीनें अनुदान पर उपलब्ध कराएगी। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने में मदद मिलेगी और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।