{"vars":{"id": "112470:4768"}}

RCB vs CSK: एमएस धोनी ने मारा आईपीएल 2024 का सबसे लंबा छक्का, गेंद मैदान से बाहर गिरी; वीडियो में देखें

एमएस धोनी आईपीएल 2024 का सबसे लंबा छक्का- महेंद्र सिंह धोनी ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आईपीएल 2024 का सबसे लंबा छक्का लगाया। उन्होंने 20वें ओवर की पहली गेंद पर यश दयाल को 110 मीटर लंबा छक्का लगाया।
 

एमएस धोनी आईपीएल 2024 का सबसे लंबा छक्का- आरसीबी बनाम सीएसके मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने सीजन का सबसे लंबा छक्का लगाया। 42 साल के 'बाहुबली' माही ने पारी के आखिरी ओवर में यश दयाल की गेंद पर 110 मीटर लंबा छक्का लगाया. धोनी की जबरदस्त ताकत देखकर मैदान पर हर कोई हैरान रह गया. हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके और 27 रनों से करारी हार ने चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2024 में सफर खत्म कर दिया. आरसीबी ने जीत के साथ प्लेऑफ का टिकट कटा लिया।

धोनी से पहले आईपीएल 2024 में सबसे लंबे छक्के का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के नाम था। कार्तिक ने इसी मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 108 मीटर लंबा छक्का लगाया था। लेकिन अब माही ने उनका ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

पारी के 20वें ओवर में यश दयाल की पहली फुल-थ्रोटल गेंद पर धोनी ने फाइन लेग के ऊपर से यह गगनचुंबी छक्का लगाया। ये छक्का इतना ऊंचा था कि गेंद सीधे मैदान के बाहर चली गई. माही ने इस छक्के से सीएसके की प्ले-ऑफ की उम्मीदें बढ़ा दी थीं, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए और चेन्नई मैच हार गई। आप भी देखें वीडियो-

कैसा था आरसीबी बनाम सीएसके मैच?

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 218 रन बनाए। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े. कोहली ने 47 रन बनाए जबकि डुप्लेसिस ने 54 रन बनाए. मध्यक्रम में रजत पाटीदार (41) और कैमरून ग्रीन (38) आये। इस बीच, दिनेश कार्तिक ने 6 गेंदों में 14 और ग्लेन मैक्सवेल ने 5 गेंदों में 16 रन बनाकर पारी को अंतिम रूप दिया।

इस स्कोर का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ गोल्डन डक पर ग्लेन मैक्सवेल का शिकार हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला, लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी, सीएसके की उम्मीदें भी टूट गईं. अंत में रवींद्र जड़ेजा और एमएस धोनी ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी थीं, लेकिन वह टीम को 200 के पार नहीं ले जा सके. जडेजा 22 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके 20 ओवर में 191 रन ही बना सकी.